Site icon samajsanchar.com

दिनदहाड़े हथियारबंद लूट से दहशत, ज्वेलरी दुकान पर चार बदमाशों का धावा

Spread the love

पुणे। शहर में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। मांजरी परिसर स्थित पुणे-सोलापुर महामार्ग के पास शेवाळवाडी इलाके में ‘महावीर ज्वेलर्स’ नामक सर्राफा दुकान पर दिनदहाड़े हथियारबंद लुटेरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार युवक हाथों में धारदार कोयते लेकर दुकान में घुसे। उस समय दुकान में केवल दुकानदार मौजूद था। बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर चंद ही मिनटों में सोने-चांदी के कीमती आभूषण समेट लिए और मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना बाजार की भीड़ के बीच दिन के उजाले में घटित हुई, जिससे व्यापारियों और नागरिकों में गहरी चिंता व्याप्त है।
घटना की सूचना मिलते ही मांजरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
महत्वपूर्ण बात यह है कि वारदात की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच तेजी से जारी है और जल्द ही अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।
लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं, वहीं व्यापारी वर्ग ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
येरवड़ा ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नथमल कावेडिया उक्त घटना की घोर निंदा की है और आरोपियों के गिरफ्तारी जल्द किए जाने की मांग की है।

Exit mobile version