Site icon samajsanchar.com

आज से एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय में ‘पर्सोना फेस्ट–2026’ का शुभारंभ

Spread the love

भाग्यश्री पटवर्धन, समीर अंजान, अमित मिश्रा सहित अनेक कलाकार रहेंगे आकर्षण का केंद्र
पुणे : लोणी-कालभोर स्थित एमआईटी आर्ट, डिज़ाइन एवं टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय (एमआईटी एडीटी विश्वविद्यालय) का बहुप्रतीक्षित वार्षिक टेक्नो-सांस्कृतिक महोत्सव ‘पर्सोना फेस्ट–2026’ 19 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस भव्य उत्सव में देशभर के 125 से अधिक महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के लगभग 20,000 से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता अपेक्षित है।

महोत्सव का उद्घाटन ‘मैंने प्यार किया’ फिल्म से प्रसिद्ध अभिनेत्री भाग्यश्री पटवर्धन तथा राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त फिल्म निर्देशक-निर्माता एवं मुंबई उच्च न्यायालय की वरिष्ठ अधिवक्ता समृद्धि पोरे की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के संस्थापक अध्यक्ष एवं कुलपति डॉ. विश्वनाथ कराड करेंगे। इस अवसर पर कार्याध्यक्ष एवं प्र-कुलपति प्रा. डॉ. मंगेश कराड तथा कार्यकारी निदेशक डॉ. सुनीता कराड भी उपस्थित रहेंगे।

तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के सुप्रसिद्ध कलाकारों की उपस्थिति रहेगी। प्रमुख आकर्षणों में वरिष्ठ बॉलीवुड गीतकार समीर अंजान, जिन्होंने अब तक हजारों गीतों की रचना की है, प्रसिद्ध पार्श्वगायक अमित मिश्रा, अभिनेत्री प्राची पांडे, मराठी अभिनेता क्षितिज दाते, सेलिब्रिटी आरजे संग्राम खोपड़े, सेलिब्रिटी नर्तक सिद्धेश थोरात तथा पुणे महानगरपालिका की 22 वर्षीय युवा नगरसेविका कु. सिद्धि शिलिमकर शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त इस टेक्नो-सांस्कृतिक महोत्सव में नामांकित गायकों एवं बैंड द्वारा सजीव संगीत प्रस्तुतियाँ (लाइव कॉन्सर्ट), प्रौद्योगिकी, व्यवसाय, कला एवं संस्कृति जैसे विविध विषयों पर ज्ञानवर्धक सत्र, विद्यार्थियों के नृत्य-नाट्य कार्यक्रम, कोडिंग एवं तकनीकी प्रतियोगिताएँ, खेल गतिविधियाँ तथा अनेक मनोरंजक उपक्रम आयोजित किए गए हैं।
यह जानकारी आयोजित पत्रकार परिषद में प्र-कुलगुरु डॉ. रामचंद्र पुजेरी, तथा कुलसचिव डॉ. महेश चोपड़े ने दी।

Exit mobile version