Site icon samajsanchar.com

अटल महाआरोग्य शिविर को रिकॉर्ड तोड़ प्रतिसाद

Spread the love

पंजीकृत सभी मरीजों को नामांकित अस्पतालों में मिलेगा निःशुल्क उपचार

पिंपरी। सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक बने ‘अटल महाआरोग्य शिविर’ का आयोजन इस वर्ष भी बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। पिछले 11 वर्षों की परंपरा को कायम रखते हुए इस बार भी शिविर में रिकॉर्ड संख्या में मरीजों का पंजीकरण हुआ। खास बात यह है कि पंजीकृत सभी मरीजों के आगे के उपचार और आवश्यक शस्त्रक्रियाओं का पूरा खर्च शिविर के माध्यम से वहन किया जाएगा, ऐसी जानकारी विधायक शंकर जगताप ने दी।
समापन कार्यक्रम में राज्यमंत्री माधुरी मिसाळ, विधायक उमा खापरे, महाराष्ट्र राज्य सीआईडी की पुलिस अधीक्षक वैशाली माने, भाजपा पिंपरी-चिंचवड शहराध्यक्ष शत्रुघ्न काटे, पक्षनेता प्रशांत शितोळे सहित कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस अवसर पर 85 से अधिक अस्पतालों के डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्यकर्मियों का सम्मान भी किया गया।
विधायक शंकर जगताप ने कहा कि यह शिविर अब केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंदों को उपचार से लेकर जटिल और बड़ी शस्त्रक्रियाओं तक की सुविधा उपलब्ध कराने वाला व्यापक सामाजिक अभियान बन गया है। दिव्यांग और बुजुर्गों को आवश्यक उपकरण और दवाइयां भी निःशुल्क प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर पिंपरी-चिंचवड में ‘एचपीवी’ (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की भी शुरुआत की गई। महिलाओं में गर्भाशय मुख के कैंसर की रोकथाम के लिए यह टीका अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। इसके तहत शहर की किशोरियों के लिए विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।

Exit mobile version