Site icon samajsanchar.com

NH-27 सर्विस रोड बना बदबूदार तालाब, राहगीरों का निकलना हुआ दूभर

Spread the love

टोल फ्री नंबर 1033 पर शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

अयोध्या
Dr. अंशुमान सिंह

अयोध्या जिले की रुदौली तहसील अंतर्गत नेशनल हाईवे-27 की सर्विस रोड पर जगह-जगह दूषित पानी भर जाने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार गंदा पानी जमा रहने से क्षेत्र में बदबू फैल रही है और संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
बताया जा रहा है कि भेलसर चौराहे से चंद कदमों की दूरी पर स्थित शारजाह होटल के सामने सर्विस रोड पर पानी भरा हुआ है। वहीं भारत बैटरी के सामने भी नल का दूषित पानी सड़क पर जमा है, जिससे राहगीरों को निकलने में दिक्कत हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क से गुजरते समय इतनी तेज बदबू आती है कि रुकना मुश्किल हो जाता है। लोगों का कहना है कि अगर किसी वाहन के गुजरने पर यह गंदा पानी किसी राहगीर पर पड़ जाए तो उसकी हालत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
इतना ही नहीं, थोड़ी दूरी पर पेट्रोल पंप होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग लापरवाह बना हुआ है। वहीं अंदर बाईपास के सामने भी गंदे नाले का पानी भरा हुआ है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने एनएच-27 के टोल फ्री नंबर 1033 पर शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों में विभागीय उदासीनता को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है।
अब देखना यह होगा कि जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कब तक संज्ञान लेते हैं और राहगीरों को इस बदहाल स्थिति से राहत मिलती है या नहीं।

Exit mobile version