Site icon samajsanchar.com

पिंपरी-चिंचवड़ के हितों को लेकर मेयर रवि लांडगे आक्रामक, NHAI के समक्ष उठाए लंबित मुद्दे

Spread the love

पिंपरी  । पिंपरी-चिंचवड़ शहर में राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े लंबित मुद्दों, बढ़ते ट्रैफिक जाम और बारिश के दौरान होने वाली समस्याओं को लेकर महापौर रवि लांडगे ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के परियोजना निदेशक संजय कदम के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में पुणे-नाशिक हाईवे पर ट्रैफिक जाम, नाशिक फाटा-खेड एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना, मुंबई-बेंगलुरु हाईवे के सर्विस रोड के चौड़ीकरण, सड़क मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था, अंडरपास में जलभराव तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा उपायों पर चर्चा हुई।
महापौर लांडगे ने विशेष रूप से भोसरी क्षेत्र के दो महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हुए कहा कि भोसरी का मौजूदा फ्लाईओवर किसी भी स्थिति में नहीं तोड़ा जाना चाहिए और गांवठाण क्षेत्र में अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के नाम पर स्थानीय नागरिकों के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा।
NHAI के परियोजना निदेशक संजय कदम ने सभी मुद्दों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता देने और महापौर द्वारा सुझाए गए उपायों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रवि लांडगे ने कहा कि पिंपरी-चिंचवड़ के नागरिकों के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। शहर के विकास के साथ नागरिकों के अधिकारों और सुविधाओं की रक्षा करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। नियमित समीक्षा बैठकों के माध्यम से लंबित परियोजनाओं को गति दी जाएगी।

Exit mobile version