पुणे। पुणे पुलिस की अपराध शाखा और वाघोली पुलिस स्टेशन की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े मादक पदार्थ तस्करी रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने वाघोली क्षेत्र स्थित “वाजन शुगर (हैंडमेड) एवं पॉपी सीड्स (डोडाजुरा)” नामक प्रतिष्ठान पर छापा मारकर अफीम और अफीम मिश्रित पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त प्रतिष्ठान की आड़ में अवैध रूप से मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंदकुमार गायकवाड़ के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजस्थान निवासी शिव कालू सिंह (33 वर्ष) को हिरासत में लिया। यह आरोपी यहां केसनंद रोड पर रहता था।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से करीब 11.26 किलोग्राम अफीम मिश्रित पदार्थ और अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 11 लाख 11 हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मादक पदार्थ नियंत्रण अधिनियम (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से चायनीज फूड और अन्य खाद्य सामग्री की आड़ में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा यह मादक पदार्थ पुणे सहित अन्य क्षेत्रों में कहाँ-कहाँ सप्लाई किया जाता था।
पुणे पुलिस आयुक्तालय के अधिकारियों ने इस कार्रवाई को शहर में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में अपराध शाखा और चावड़ी पुलिस स्टेशन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
चायनीज रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था नशे का कारोबार, लाखों रुपये की अफीम बरामद

