पुणे। भारतीय जनता पार्टी के संघर्षकाल के प्रमुख नेता एवं जननायक रहे गोपीनाथ मुंडे को उनकी पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए क्रिएटिव फाउंडेशन की ओर से सेवाव्रत फाउंडेशन संचालित वृंदावन शैक्षणिक प्रकल्प के विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं खेल सामग्री वितरित की गई।
इस अवसर पर भाजपा नेता संदीप खर्डेकर ने गोपीनाथ मुंडे की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि भाजपा के संघर्ष के दौर में मुंडे साहब बड़े दिल वाले और ऊंचे कद के नेतृत्वकर्ता थे। वर्ष 2002-03 की ‘चांदा ते बांदा संघर्ष यात्रा’ के दौरान उनके साथ बिताए गए अनेक अनुभव आज भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में अपराध और नक्सलवाद के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने वाले मुंडे साहब व्यक्तिगत जीवन में बेहद संवेदनशील और भावुक स्वभाव के थे। गरीबों, किसानों और वंचित वर्गों के प्रति उनकी विशेष संवेदना थी तथा वे कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में हमेशा सहभागी रहते थे।
गोपीनाथ मुंडे की पुण्यतिथि के अवसर पर कर्वेनगर की कामना वसाहत, वारजे की म्हाडा वसाहत तथा पानमळा वसाहत में पहली से दसवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को शैक्षणिक एवं खेल सामग्री भेंट की गई। कार्यक्रम के दौरान यह भी देखा गया कि बच्चे टीन शेड के नीचे अत्यधिक गर्मी में पढ़ाई कर रहे हैं। इसे देखते हुए संदीप खर्डेकर ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए तत्काल एक कूलर भी भेंट किया।
कार्यक्रम में नगरसेविका एवं क्रिएटिव फाउंडेशन की ट्रस्टी मंजुश्री खर्डेकर, सेवाव्रत फाउंडेशन के संचालक प्रदीप देवकुळे, ट्रस्टी प्रतीक खर्डेकर, प्रणेती लवंगे, पतित पावन संगठन के उपाध्यक्ष राहुल पडवळ, कोथरूड विभाग प्रमुख अण्णा बांगर, अश्विन लवंगे, भाजपा महिला मोर्चा की महासचिव कल्याणी खर्डेकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
मंजुश्री खर्डेकर ने कहा कि गोपीनाथ मुंडे हमेशा समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित रहे। इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर जरूरतमंद विद्यार्थियों और वंचित वर्गों की सहायता कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया गया है।
वहीं, प्रदीप देवकुळे ने कहा कि सेवाव्रत फाउंडेशन झुग्गी-बस्तियों के विद्यार्थियों के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है और क्रिएटिव फाउंडेशन समय-समय पर इस प्रकल्प को सहयोग प्रदान करता रहा है, जिसके लिए उन्होंने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का संयोजन प्रतीक खर्डेकर और प्रणेती लवंगे ने किया।
गोपीनाथ मुंडे की पुण्यतिथि पर विद्यार्थियों को शैक्षणिक व खेल सामग्री वितरित

