पटना: चर्चित शिक्षाविद् और यूट्यूबर खान सर (फैसल खान) की मुश्किलें पटना फायरिंग मामले में बढ़ती नजर आ रही हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। सूत्रों के अनुसार, मामले में उनकी गिरफ्तारी की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
पुलिस जांच के दौरान गिरफ्तार किए गए बॉडीगार्ड्स ने बयान में दावा किया है कि फायरिंग से पहले उन्हें “गोली चलाने” के लिए कहा गया था। इसी बयान के आधार पर खान सर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। इस धारा के तहत दोष सिद्ध होने पर 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद खान सर की कोचिंग के बाहर हलचल बढ़ गई। उनके समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग परिसर के बाहर एकत्र हुए और नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है।
कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा के लिए पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक भी आयोजित की गई। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भड़काऊ जानकारी के प्रभाव में न आएं और शांति बनाए रखें।
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग के बाहर हुए विवाद के दौरान फायरिंग की घटना सामने आई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उनके सुरक्षा कर्मी गोली चलाते दिखाई दिए थे। पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और मामले में खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।

