पुणे, प्रतिनिधि : मार्केट यार्ड स्थित हाइड पार्क सोसाइटी के ‘ओल्ड इज़ गोल्ड’ ग्रुप के सदस्य पिछले 10 वर्षों से प्रतिदिन सुबह नियमित रूप से योग और प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहे हैं। समूह के सदस्य बिना किसी व्यवधान के रोज सुबह एकत्र होकर योगाभ्यास, प्राणायाम एवं ध्यान करते हैं। योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर उन्होंने स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।
समूह के सदस्यों का कहना है कि नियमित योग और प्राणायाम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर बना है। बढ़ती उम्र में भी सभी सदस्य ऊर्जावान और सक्रिय जीवन जी रहे हैं। योग विशेषज्ञों के अनुसार नियमित योग और प्राणायाम शरीर को स्वस्थ रखने, तनाव कम करने तथा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होते हैं। हाइड पार्क सोसाइटी का यह समूह समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का भी कार्य कर रहा है। सदस्य समय-समय पर अन्य नागरिकों को भी योग अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं। स्थानीय नागरिकों ने ‘ओल्ड इज़ गोल्ड’ ग्रुप के इस दस वर्षीय समर्पण की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया है।

