पुणे, 3 जुलाई 2026 : (समाज संचार नेटवर्क )परंपरा और आधुनिकता के समन्वय के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और भरोसेमंद सेवाएं पहुंचाने के लिए पुणे डाक क्षेत्र निरंतर प्रतिबद्ध है। यह बात पुणे डाक क्षेत्र की पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल ने कही।
पुणे स्थित पोस्टमास्टर जनरल कार्यालय के ‘चाणक्य हॉल’ में आयोजित विशेष पत्रकार सम्मेलन में उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग के अंतर्गत कार्यरत पुणे डाक क्षेत्र महाराष्ट्र परिमंडल का एक प्रमुख क्षेत्र है। इसके अंतर्गत पुणे, सातारा, अहिल्यानगर और सोलापुर जिले आते हैं। उन्होंने कहा कि डाक विभाग नागरिकों, सरकार और समाज के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर कार्य कर रहा है। “विश्वास हमारी पहचान, सेवा हमारा संकल्प और नवाचार हमारी दिशा है।”
इस अवसर पर डाक सेवा निदेशक (पुणे क्षेत्र) अभिजीत बनसोडे, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख राजेंद्र आघव सहित डाक विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
2674 डाकघरों का विशाल नेटवर्क
पुणे डाक क्षेत्र के अंतर्गत 10 डाक मंडल कार्यरत हैं। इन मंडलों के माध्यम से 11 प्रधान डाकघर, 474 उप डाकघर तथा 2189 शाखा डाकघर सहित कुल 2674 डाकघर शहरी, ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। लगभग 4000 अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण डाक सेवक और मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव प्रतिदिन लाखों नागरिकों तक सेवाएं पहुंचा रहे हैं।
आधुनिक डाक एवं लॉजिस्टिक्स सेवाएं
पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड डाक, बिजनेस पोस्ट, डायरेक्ट पोस्ट और एक्सप्रेस पार्सल सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाया गया है। पुणे में आधुनिक पार्सल पैकिंग यूनिट स्थापित की गई है, जहां घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय पार्सलों के लिए प्रमाणित पैकिंग सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा मेल मोटर सेवा (MMS) के 35 वाहनों के माध्यम से डाक और पार्सलों का समय पर परिवहन किया जाता है।
वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाएं
पुणे डाक क्षेत्र के माध्यम से नागरिकों को बचत खाता, आवर्ती जमा (RD), वरिष्ठ नागरिक बचत योजना (SCSS), सुकन्या समृद्धि योजना और पीपीएफ (PPF) जैसी सुरक्षित बचत योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। वहीं इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल बैंकिंग, आधार आधारित भुगतान (AEPS), प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) तथा घर-घर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
नागरिकों के लिए नई सुविधाएं
चयनित डाकघरों में आधार पंजीकरण एवं अपडेट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही नेक्स्ट जनरेशन पोस्ट ऑफिस (NGPO), “पोस्ट ऑफिस आपके द्वार” सेवा, ऑनलाइन ट्रैकिंग तथा त्वरित ग्राहक सेवा जैसी आधुनिक पहलें शुरू की गई हैं, जिससे नागरिकों को अधिक सरल, तेज और पारदर्शी सेवाएं मिल रही हैं।

