पुणे, 6 जुलाई: मुंबई मंडल के मंकी हिल घाट सेक्शन में भारी बारिश के कारण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने से मुंबई-पुणे रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इंद्रायणी, डेक्कन क्वीन, डेक्कन एक्सप्रेस, प्रगति एक्सप्रेस और सिंहगढ़ एक्सप्रेस सहित 16 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। वहीं 6 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है, जबकि कई ट्रेनों को गंतव्य से पहले ही समाप्त (शॉर्ट टर्मिनेट) या बदले हुए स्टेशन से रवाना (शॉर्ट ओरिजिनेट) किया जाएगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, टकवे (TKW) – मंकी हिल (MHLC) के बीच घाट सेक्शन में भूस्खलन के कारण रेल पटरियों पर मलबा आ गया, जिससे सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
रद्द की गई प्रमुख ट्रेनें:
इंद्रायणी एक्सप्रेस (22105/22106)
पुणे–सोलापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस (12169/12170)
मुंबई–पुणे इंटरसिटी एक्सप्रेस (12127/12128)
डेक्कन एक्सप्रेस (11007/11008)
डेक्कन क्वीन एक्सप्रेस (12123/12124)
प्रगति एक्सप्रेस (12125/12126)
सिंहगढ़ एक्सप्रेस (11009/11010)
धुले एक्सप्रेस (11011/11012)
मार्ग परिवर्तित की गई प्रमुख ट्रेनें: अहमदाबाद–कोल्हापुर एक्सप्रेस, अहमदाबाद–पुणे दुरंतो, इंदौर–दौंड एक्सप्रेस, बिदर–मुंबई एक्सप्रेस, नांदेड़–पनवेल एक्सप्रेस, चेन्नई–मुंबई एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को कल्याण–इगतपुरी–मनमाड़–दौंड मार्ग से चलाया जाएगा।
शॉर्ट टर्मिनेट और शॉर्ट ओरिजिनेट: संत्रागाछी–पुणे हमसफर, सोलापुर–मुंबई सिद्धेश्वर एक्सप्रेस, हैदराबाद–मुंबई हुसैन सागर एक्सप्रेस और सोलापुर–मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी कई ट्रेनें पुणे या पनवेल तक ही संचालित होंगी। वहीं कुछ ट्रेनें मुंबई के बजाय पुणे या पनवेल से रवाना की जाएंगी।
समय में बदलाव: एलटीटी–विशाखापट्टणम एक्सप्रेस, कोयना एक्सप्रेस और मुंबई–नांदेड़ वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, NTES या रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य जांच लें।
