हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो लाइन-3 शुरू होने के बाद बढ़ेगा यात्रियों का दबाव
पुणे। पुणे मेट्रो की बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए महा मेट्रो ने लाइन-1 और लाइन-2 पर तीन डिब्बों वाली ट्रेनों के स्थान पर छह डिब्बों वाली मेट्रो चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। हिंजवड़ी-शिवाजीनगर मेट्रो लाइन-3 शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या में लगभग 50 प्रतिशत वृद्धि होने की संभावना है, जिसके मद्देनज़र यह निर्णय लिया गया है।
मार्च 2026 तक पुणे मेट्रो की लाइन-1 (पीसीएमसी से स्वारगेट) और लाइन-2 (वनाज से रामवाड़ी) पर प्रतिदिन यात्रियों की संख्या 1.87 लाख तक पहुंच गई है। महा मेट्रो के अनुसार, लाइन-3 पूरी क्षमता से शुरू होने के बाद यह संख्या बढ़कर 2.75 लाख से 3 लाख प्रतिदिन तक पहुंच सकती है। इसी को ध्यान में रखते हुए छह डिब्बों वाली नई मेट्रो ट्रेनों की खरीद प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।
हिंजवड़ी स्थित राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क में प्रतिदिन लाखों कर्मचारी आते-जाते हैं। जुलाई में लाइन-3 के पहले चरण के शुरू होने के बाद इन कर्मचारियों के बड़ी संख्या में मेट्रो का उपयोग करने की संभावना है। लाइन-3 के माध्यम से यात्रियों को लाइन-1 और लाइन-2 से इंटरचेंज सुविधा मिलेगी, जिससे पिंपरी-चिंचवड़, स्वारगेट, रामवाड़ी और शहर के अन्य क्षेत्रों तक आसान संपर्क स्थापित होगा।
वर्तमान में लाइन-2 पर तीन डिब्बों वाली 18 मेट्रो और लाइन-1 पर 16 मेट्रो संचालित हो रही हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए लाइन-2 पर 15 और लाइन-1 पर 12 अतिरिक्त मेट्रो ट्रेनों की आवश्यकता बताई गई है। छह डिब्बों वाली ट्रेनों के संचालन के लिए वनाज और रेंज हिल स्थित मेट्रो डिपो का भी विस्तार किया जाएगा।
महा मेट्रो के प्रबंध निदेशक श्रावण हार्डीकर ने बताया कि भविष्य में पुणे मेट्रो को प्रतिदिन 6 लाख यात्रियों को संभालने में सक्षम बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
इस बीच पुणे मेट्रो के विस्तार कार्य भी तेजी से जारी हैं। लाइन-1 को पीसीएमसी से निगड़ी तक 4.4 किलोमीटर और स्वारगेट से कात्रज तक 5.46 किलोमीटर बढ़ाया जाएगा। वहीं लाइन-2 का विस्तार वनाज से चांदनी चौक तक 1.12 किलोमीटर तथा रामवाड़ी से वाघोली तक 11.63 किलोमीटर किया जाएगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद पुणे महानगर क्षेत्र में मेट्रो नेटवर्क और अधिक मजबूत होगा।


