भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक पर 31 मार्च को भव्य जैन शोभायात्रा का आयोजन

Spread the love

पुणे :  आगामी मंगलवार, 31 मार्च को जैन समाज द्वारा एक विशाल धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का आयोजन श्री जैन सामुदायिक उत्सव समिति, पुणे के तत्वावधान में किया जा रहा है, जिसमें शहर की विभिन्न जैन संस्थाएं सक्रिय रूप से भाग लेंगी। कार्यक्रम के तहत तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी जी की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा सुबह 7:30 बजे निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—बरतन बाजार, लालबहादुर शास्त्री चौक, बोहरी आळी, गणेश पेठ, गोविंद हलवाई चौक, लक्ष्मी विलास, सातारा रोड आदि—से गुजरते हुए अंत में आदिनाथ स्थानक भवन में समाप्त होगी।
सुबह 8:15 बजे शोभायात्रा का स्वागत सोहया मारुति चौक पर किया जाएगा, जिसमें पुणे महानगरपालिका के महापौर, उपमहापौर, सांसद, विधायक सहित कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। कार्यक्रम के प्रमुख प्रायोजक में माणिकचंद समूह सहित शहर के कई प्रतिष्ठित परिवार शामिल हैं।
दोपहर 12 बजे मंगलीक प्रवचन का आयोजन किया जाएगा, जिसका लाभ श्रद्धालु श्री आदिनाथ टेम्पल ट्रस्ट एवं श्री आदिनाथ स्थानकवासी जैन भवन ट्रस्ट के तत्वावधान में ले सकेंगे। यह कार्यक्रम दोपहर 12:30 बजे आदिनाथ सोसायटी, सातारा रोड स्थित जैन भवन में आयोजित होगा।
इस धार्मिक आयोजन में भगवान महावीर की भक्ति और समाज की एकता का विशेष संदेश दिया जाएगा। आयोजकों ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस भव्य शोभायात्रा का हिस्सा बनें।

श्री जैन सामुदायिक उत्सव समिति द्वारा भगवान महावीर स्वामी के 2625वें जन्म कल्याणक महोत्सव के अवसर पर मंगलवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन शाम 6:30 बजे गणेश कला क्रीड़ा रंगमंच, सरसबाग, पुणे में किया जा रहा है। आयोजकों की ओर से सभी के लिए नि:शुल्क प्रवेश रखा गया है और पार्किंग व सुरक्षा की भी विशेष व्यवस्था की गई है।
इस विशेष अवसर पर “कर्म बंधन” नामक एक अद्भुत प्रस्तुति आयोजित की जाएगी, जिसमें भगवान महावीर स्वामी के 27 भवों की यात्रा को दर्शाया जाएगा। यह कार्यक्रम आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया गया है, जिसमें एनिमेटेड एलईडी स्क्रीन, 3डी इफेक्ट्स और आर्ट इफेक्ट्स का उपयोग किया जाएगा। लगभग 60 पेशेवर कलाकार इस प्रस्तुति को जीवंत बनाएंगे। कार्यक्रम में “गालियों से मोक्ष तक की अद्भुत यात्रा” को दर्शाते हुए आध्यात्मिक संदेश दिया जाएगा, जो दर्शकों को आत्मचिंतन और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *