– खराड़ी–खड़कवासला और नळस्टॉप–माणिकबाग कॉरिडोर को हरी झंडी
– केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोळ के प्रयासों को सफलता
पुणे – प्रतिनिध . पुणेवासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में पुणे मेट्रो की कुल 31.6 किलोमीटर लंबाई वाली दो विस्तारित कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी मिल गई है। इस फैसले से पुणे मेट्रो शहर के चारों दिशाओं में विस्तार की ओर कदम बढ़ाएगी और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को अधिक सुरक्षित, आरामदायक और तेज़ बनाने में मदद मिलेगी।
इन मार्गों को मंजूरी दिलाने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री व पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोळ लगातार प्रयासरत थे। राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में प्रस्ताव को पहले ही स्वीकृति दी थी, जिसके बाद इसे केंद्र सरकार को भेजा गया। मोहोळ ने हाल ही में शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भी मुलाकात कर इस प्रोजेक्ट को गति दी थी।
बुधवार को स्वीकृत किए गए पुणे मेट्रो के दूसरे चरण में दो मार्ग शामिल हैं—
-
कॉरिडोर 4: खराड़ी–हड़पसर–स्वारगेट–खड़कवासला
-
कॉरिडोर 4A: नळस्टॉप–वारजे–माणिकबाग
दोनों मार्गों के लिए हड़पसर इंटरचेंज स्टेशन रहेगा। कुल 31.60 किमी लंबाई वाले ये दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर मिलकर 28 स्टेशनों से गुजरेंगे। परियोजना पर 9,857.85 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है और इसे पांच वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
नई मेट्रो लाइनें शहर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों, आईटी पार्कों और प्रमुख बाजारों को आपस में जोड़ेंगी। इसके अलावा, ये मार्ग मौजूदा वनाज–रामवाड़ी और पिंपरी चिंचवड़–स्वारगेट लाइनों के समानांतर चलेंगे, जिससे बड़े पैमाने पर कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी। यह जानकारी केंद्रीय राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोळ ने दी।
मोहोळ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा शहरों के सुनियोजित और सतत विकास पर जोर दिया है, जिसमें सार्वजनिक परिवहन प्रमुख तत्व है। पुणे में मेट्रो नेटवर्क जल्द ही 100 किलोमीटर से अधिक विस्तार की दिशा में आगे बढ़ रहा है।


