पुणे रियल एस्टेट कारोबारी की आत्महत्या, 30 पन्नों का सुसाइड नोट बरामद
पुणे। कुख्यात गैंगस्टर टीपू पठान गिरोह से कथित रूप से जुड़े और मकोका (MCOCA) मामले में वांछित रियल एस्टेट कारोबारी सादिक हुसैन कपूर (57) की पुणे में आत्महत्या से सनसनी फैल गई है। शनिवार शाम करीब 6.30 बजे उनका शव पुणे कैंप स्थित कुमार पैलेस में उनके कार्यालय में मिला। पुलिस को घटनास्थल से लगभग 30 पन्नों का कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें पूर्व एनसीपी नगरसेवक फारूक इनामदार सहित कुछ लोगों के नाम दर्ज हैं।
इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और जबरन वसूली के आरोपों के तहत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें हड़पसर से पूर्व एनसीपी नगरसेवक फारूक यासीन इनामदार, जुहूर मोहम्मद सैयद और तनवीर इब्राहिम मणियार शामिल हैं। फारूक इनामदार आगामी 15 जनवरी को होने वाले पुणे महानगरपालिका (PMC) चुनाव में वार्ड क्रमांक 41 से उम्मीदवार भी हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक सादिक कपूर हड़पसर के सैयद नगर इलाके के निवासी थे। उनके बेटे साजिद कपूर (27) ने लष्कर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों द्वारा एक वित्तीय लेन-देन के मामले में सादिक कपूर से बार-बार 50 लाख रुपये की मांग की जा रही थी और उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे मानसिक तनाव में आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
लष्कर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 108, 308(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गिरीशकुमार दिघावकर ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस ने यह भी बताया कि सादिक कपूर का नाम कुख्यात गैंगस्टर टीपू पठान (35), निवासी मोहम्मदवाड़ी, से जुड़े मामलों में सामने आया था। टीपू पठान पर हत्या, हत्या के प्रयास और जबरन वसूली जैसे करीब 25 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल अपने गिरोह के कई सदस्यों के साथ जेल में बंद है।
अप्रैल 2025 में पुणे में एक कव्वाली कार्यक्रम के दौरान टीपू पठान द्वारा खुलेआम पैसे उड़ाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई तेज की थी। उसी महीने कालेपडाल पुलिस थाने में दर्ज जमीन हड़पने और वसूली के मामले में टीपू पठान, उसके भाई एजाज सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया गया था, जिसमें मकोका की धाराएं लगाई गई थीं।
इस गिरोह के एक सदस्य शाहरुख उर्फ अट्टी रहीम (29), जो इस मामले में फरार था, को 15 जून 2025 को सोलापुर में पुलिस मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया था। इसके अलावा नवंबर में मुंबई की एक महिला की शिकायत पर दर्ज एक अन्य जमीन हड़पने के मामले में भी टीपू पठान गिरोह पर मकोका लगाया गया था, जिसमें सादिक कपूर को भी आरोपी बनाया गया था। पुलिस के अनुसार, वह तभी से फरार चल रहे थे।
इसी बीच सितंबर माह में पुणे पुलिस और पुणे महानगरपालिका (PMC) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सैयद नगर स्थित ख्वाजा मंज़िल इमारत में टीपू पठान द्वारा किए गए कथित अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त किया था।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या नोट, वित्तीय लेन-देन और आरोपियों की भूमिका की हर एंगल से जांच कर रही


