पुणे/नांदेड। ‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम वर्ष के अवसर पर नांदेड में 24 व 25 जनवरी को आयोजित होने वाले भव्य कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु राज्य व जिला प्रशासन पूरी तरह से सज्ज है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. श्रीकर परदेशी ने निर्देश दिए कि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा सुविधा और मूलभूत व्यवस्थाओं का सूक्ष्म व सुनियोजित प्रबंध किया जाए।
मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अल्पसंख्यक विकास विभाग के सचिव रुचेश जयवंशी सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में बताया गया कि इस अवसर पर सिख, सिकलीगर, बंजारा, लबाना, सिंधी, मोहयाल, वाल्मीकि, भगत नामदेव और उदासीन — कुल नौ समाज-संप्रदाय एकत्र होंगे। कार्यक्रम के लिए 26 समितियों का गठन किया गया है और लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।
श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु स्वच्छ पेयजल, निवास, लंगर, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात व सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की जा रही है। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी वेबसाइट https://gurutegbahadurshahidi.com पर उपलब्ध रहेगी। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए स्कूल-कॉलेजों में निबंध व वकृत्व प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी।
नांदेड के जिलाधिकारी राहुल कर्डिले ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा 25 समितियां गठित की गई हैं और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मुख्य कार्यक्रम स्थल पर पंडाल, बिजली-पानी, पार्किंग, स्वच्छता और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। 72 अस्पतालों के माध्यम से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहेगा।
प्रशासन ने विश्वास जताया है कि यह शहीदी समागम श्रद्धा, सेवा और समर्पण का ऐतिहासिक उदाहरण बनेगा।
‘हिंद दी चादर’ श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी समागम को लेकर नांदेड में व्यापक तैयारी


