पुणे: पुणे महानगरपालिका (Pune Municipal Corporation) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठनात्मक दृष्टि से बड़ा फैसला लेते हुए वरिष्ठ नगरसेवक और महानगरपालिका चुनाव के प्रमुख रहे गणेश मधुकर बीडकर को भाजपा का नया गुटनेता नियुक्त किया है। इस संबंध में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने पुणे शहर अध्यक्ष धीरज घाटे को नियुक्ति पत्र जारी किया है। बीजेपी के सभी नगरसेवकों की27 जनवरी को हुई बैठक हुई, इस बैठक में भाजपा से निर्वाचित नगरसेवकों ने सर्वसम्मति से प्रभाग क्रमांक 24 से निर्वाचित नगरसेवक गणेश मधुकर बीडकर को से चुना गया है। इसके साथ ही इस गट की जानकारी को पुणे महानगरपालिका के अभिलेखों में दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुणे महानगर की पालिका चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक सफलता हासिल करते हुए कुल 119 नगरसेवकों को विजयी बनाया है। इस शानदार जीत के पीछे गणेश बीडकर की रणनीतिक भूमिका को अहम माना जा रहा है। वे इस चुनाव में भाजपा के चुनाव प्रमुख की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
गणेश बीडकर पुणे शहर के वरिष्ठ नगरसेवकों में गिने जाते हैं और वर्ष 2002 से लगातार महानगरपालिका के सदस्य हैं। उन्होंने भाजपा के लिए प्रतिकूल माने जाने वाले निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस के गुटनेता और तत्कालीन महापौर को पराजित कर राजनीतिक कौशल का परिचय दिया था। पूर्वी पुणे में भाजपा का जनाधार मजबूत करने में उनकी भूमिका निर्णायक रही है।
पिछले 30 वर्षों से वे पार्टी संगठन में सक्रिय हैं और प्रभाग स्तर से लेकर शहर स्तर तक कई महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे भाजपा के शहर महामंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की ‘जनादेश यात्रा’ की प्रमुख जिम्मेदारी उन्होंने सफलतापूर्वक संभाली थी।


