पुणे इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ

Spread the love

पुणे: इंदिरा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट्स, इन्फोसिस फाउंडेशन और भारतीय विद्या भवन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय पुणे इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल का शुभारंभ 31 जनवरी 2026 को उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। ताथवड़े स्थित इंदिरा यूनिवर्स कैंपस के ध्रुव सभागृह में सुबह 11 बजे फेस्टिवल का उद्घाटन संपन्न हुआ। इस अवसर पर वरिष्ठ नृत्य विद्वान श्यामहरी चक्र, शुभांगी बहुलीकर, कथक गुरु अमला शेखर तथा इंदिरा यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ लिबरल आर्ट्स के अधिष्ठाता आशुतोष मिसाळ उपस्थित थे।

फेस्टिवल की आमंत्रक रसिका गुमास्ते, समन्वयक सुवर्णा बाग तथा आयोजन समिति के सदस्य नेहा मुथियान, अस्मिता ठाकूर, शमा अधिकारी और वरदा वैशंपायन ने अतिथियों का स्वागत किया। सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक चले नृत्य प्रदर्शनों को दर्शकों की उल्लेखनीय उपस्थिति मिली। फेस्टिवल के पहले दिन 31 जनवरी 2026 को शास्त्रीय, उपशास्त्रीय, लोकनृत्य और समकालीन नृत्य शैलियों की आकर्षक प्रस्तुतियां हुईं। तमल दास (कोलकाता), एकलव्य आर्ट फोरम (डोंबिवली) और लायोम इंस्टिट्यूट (पुणे) जैसी संस्थाओं के कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए।

इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय नृत्य परंपरा की समृद्धता और आधुनिक अभिव्यक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। विभिन्न राज्यों तथा अंतरराष्ट्रीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य शैलियों को रसिकों से उत्स्फूर्त प्रतिसाद प्राप्त हुआ। दिनभर चले कार्यक्रम में कथक, भरतनाट्यम, ओडिसी, समकालीन नृत्य और लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों की प्रस्तुति में तकनीक, भाव, लय और सृजनशीलता के कारण सभागृह में नृत्य कला के उत्सव का अनुभव हुआ। आयु, भाषा, प्रांत या क्षमता के किसी भी भेदभाव के बिना नृत्य सभी को एक साथ जोड़ता है, यह विचार प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रभावी रूप से सामने आया। विद्यार्थियों, नृत्य साधकों, रसिकों और कला क्षेत्र के मान्यवरों ने बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर फेस्टिवल को भरपूर समर्थन दिया।

1 फरवरी को सुबह 10.30 बजे पहले सत्र में तथा शाम साढ़े चार बजे से रात 8 बजे तक दूसरे सत्र में फेस्टिवल के विविध नृत्य प्रदर्शन सरदार नातू सभागृह, भारतीय विद्या भवन, सेनापति बापट रोड में आयोजित किए जाएंगे। नृत्य और मानसिक स्वास्थ्य विषय पर परिचर्चा का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें हृषीकेश पवार, कल्याणी काणे और तन्वी हेगड़े सहभागी होंगी। यह महोत्सव सभी के लिए निःशुल्क है।

इंडिया इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल से पुणे इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल तक

रसिका गुमास्ते, नेहा मुथियान, अस्मिता ठाकूर और शमा अधिकारी ने पिछले सात वर्षों से पुणे में इंडिया इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल का सफल आयोजन किया है। युवा पीढ़ी को मंच प्रदान करने के साथ-साथ विशेष बच्चों को भी नृत्य प्रस्तुति का अवसर देने का निरंतर प्रयास इस फेस्टिवल के माध्यम से किया गया है, ऐसा इस अवसर पर बताया गया। पिछले वर्ष से यही फेस्टिवल पुणे इंटरनेशनल डांस फेस्टिवल नाम से पुणेकरों के समक्ष प्रस्तुत हो रहा है। पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का आदर्श वाक्य डांस सैन्स डिवीजन है, जिसका मूल विचार यह है कि नृत्य बिना किसी विभाजन के सभी को एक साथ लाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *