आश्रम स्कूल की छात्रा की मौत पर हंगामा ; दोषियों पर कार्रवाई की मांग

Spread the love

आमदार अमित गोरखे ने सभागृह में की मांग

पिंपरी चिंचवड़ : यवतमाल जिले के कलंब स्थित जीवनदीप अनुदानित आश्रम स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा कुमारी दिपाली विलास कोमटी की मौत का मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और आक्रोशजनक बताते हुए विधायक अमित गोरखे ने विधानसभा में प्रशासन की कड़ी आलोचना की और दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की।

विधायक गोरखे ने कहा कि छात्रा के बीमार होने के बावजूद स्कूल प्रशासन ने समय पर उसके परिजनों को सूचना नहीं दी। बल्कि काफी देर से अन्य छात्रों के माध्यम से संदेश भेजा गया। जब तक छात्रा की मां स्कूल पहुंची, तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। आरोप है कि स्कूल की ओर से न तो उचित इलाज की व्यवस्था की गई और न ही मानवीय संवेदनशीलता दिखाई गई।

इसके बाद छात्रा की मां ने खुद प्रयास कर उसे वसंतराव नाईक शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय, यवतमाल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। विधायक अमित गोरखे ने इस मामले में मुख्याध्यापक और संबंधित कर्मचारियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर उन्हें निलंबित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आश्रम स्कूल का पूरा प्रबंधन चरमरा गया है और छात्रों की सुरक्षा व स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। इसलिए इस संस्थान में तुरंत प्रशासक नियुक्त किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *