पुणे को देश के सबसे आधुनिक शहरों में विकसित करने का प्रयास – मुख्यमंत्री

Spread the love

पुणे मनपा के विभिन्न विकास परियोजनाओं का मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों लोकार्पण

पुणे  : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पुणे शहर को देश का “ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर” बनाने की दिशा में राज्य सरकार तेजी से कार्य कर रही है। इसके लिए मेट्रो नेटवर्क का विस्तार, सड़कों का आधुनिकीकरण, भूमिगत सुरंगों का निर्माण तथा अत्याधुनिक पायाभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी तीन से चार वर्षों में चल रही परियोजनाएं पूर्ण होने के बाद पुणे देश के सबसे आधुनिक शहरों में गिना जाएगा।
मोहम्मदवाड़ी स्थित समान जलापूर्ति योजना के अंतर्गत जल भंडारण टंकियों के लोकार्पण तथा मुंढवा के महात्मा फुले चौक से खराड़ी तक मेट्रो सहित दो-मंजिला फ्लायओवर के ऑनलाइन भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बोल रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार, केंद्रीय नागर विमानन राज्यमंत्री मुरलीधर मोहोल उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटील, महापौर मंजुषा नागपुरे, विधायक योगेश टिळेकर, चेतन तुपे, भीमराव तापकीर तथा मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुणे के नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रिंग रोड तथा हडपसर से यवत तक आधुनिक एलिवेटेड कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं के माध्यम से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत की जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष देश में स्थापित कुल ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटरों में से 25 प्रतिशत अकेले पुणे में स्थापित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि महात्मा फुले चौक से खराड़ी तक बनने वाला मेट्रो सहित दो-मंजिला फ्लायओवर शहर की यातायात समस्या कम करेगा तथा लोगों के सफर का 15 से 20 मिनट समय बचेगा। साथ ही कात्रज-कोंढवा मार्ग के लंबे समय से लंबित भूमि अधिग्रहण का कार्य अगले छह महीनों में पूरा कर सड़क निर्माण पूर्ण किया जाएगा।
राज्य में कैंसर ग्रिड विकसित करने का प्रयास
मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी मॉडल पर तैयार किया गया आधुनिक कैंसर अस्पताल राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए मील का पत्थर साबित होगा। राज्य सरकार महाराष्ट्र में व्यापक “कैंसर ग्रिड” विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है ताकि प्रत्येक नागरिक को कैंसर का आधुनिक उपचार समय पर और कम लागत में उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि इस अस्पताल में गामा स्कैन, पीईटी स्कैन जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और केंद्र सरकार की सीजीएचएस योजना की तर्ज पर नागरिकों को कम दरों पर उपचार मिलेगा। सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ भी यहां उपलब्ध कराया जाएगा।
छत्रपति संभाजी महाराज की प्रतिमा प्रेरणा का केंद्र
मुख्यमंत्री ने बताया कि जंगली महाराज रोड स्थित छत्रपति संभाजी महाराज उद्यान में छत्रपति संभाजी महाराज की ऐसी प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसमें उन्हें “बुधभूषण” ग्रंथ लिखते हुए दर्शाया गया है। उन्होंने कहा कि केवल 14 वर्ष की आयु में संस्कृत में ग्रंथ लिखने वाले संभाजी महाराज का व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि यह प्रतिमा केवल देखने के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र गौरव और स्वाभिमान की भावना जागृत करने वाली प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
समान जलापूर्ति योजना अंतिम चरण में
मुख्यमंत्री ने कहा कि समान जलापूर्ति योजना के अंतर्गत मोहम्मदवाड़ी, दोराबजी पैराडाइज तथा एनआईबीएम क्षेत्र में अब समान दबाव से पानी की आपूर्ति हो सकेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में पुणे में जल वितरण व्यवस्था सुधारने का निर्णय लिया गया था क्योंकि उस समय 40 से 50 प्रतिशत पानी रिसाव में नष्ट हो रहा था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में इस योजना को मंजूरी दी गई और अब यह अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। योजना पूर्ण होने के बाद प्रत्येक पुणेकर को “रोज पानी, शुद्ध पानी, सतत पानी और शाश्वत पानी” उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि शहर में बढ़ती जनसंख्या और नव-विलयित गांवों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 12 गांवों की जलापूर्ति योजना को मंजूरी देकर 890 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। इससे खडकवासला, नांदेड, नांदोशी, किरकटवाड़ी, धायरी, जांभूळवाड़ी और भिलारवाड़ी जैसे क्षेत्रों में भी पर्याप्त जल उपलब्ध होगा।
‘विकसित पुणे’ की दिशा में कार्य
महापौर मंजुषा नागपुरे ने कहा कि “विकसित भारत, विकसित महाराष्ट्र” की तर्ज पर “विकसित पुणे” के निर्माण के लिए मनपा कार्य कर रही है। समान जलापूर्ति योजना से लगभग तीन लाख नागरिकों को लाभ मिलेगा। वहीं खराड़ी से महात्मा फुले चौक तक मेट्रो सहित दो-मंजिला फ्लायओवर से शहर की यातायात व्यवस्था अधिक आधुनिक और तेज होगी।
विधायक योगेश टिळेकर ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने वर्ष 2015 में 2,800 करोड़ रुपये की समान जलापूर्ति योजना की घोषणा की थी, जो अब मूर्त रूप ले रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम बॉन्ड के माध्यम से निधि जुटाकर पुणे और हडपसर क्षेत्र में सड़क, पानी और विकास कार्यों को गति दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान “पुणे प्रथम” पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, स्थानीय जनप्रतिनिधि और मनपा पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *