पुणे : महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। राज्य के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग पुणे के पूर्व निदेशक अनूप कश्यपी द्वारा जारी जानकारी के अनुसार रविवार को जलगांव राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
परभणी में 44.1 डिग्री, सोलापुर में 43.6 डिग्री, छत्रपति संभाजीनगर में 43.4 डिग्री, बीड में 43.3 डिग्री तथा मालेगांव में 43 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। नंदुरबार में 42.3 डिग्री, धाराशिव में 42.1 डिग्री और अहिल्यानगर में 41.9 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
पुणे जिले में भी गर्मी का तीव्र असर देखने को मिला। बारामती में 40.4 डिग्री, पाषाण में 40.3 डिग्री, आंबेगांव में 40.2 डिग्री तथा शिवाजीनगर में 40 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हवेली में 39.6 डिग्री, दौंड में 39.3 डिग्री तथा राजगुरुनगर और हडपसर में 38.5 डिग्री तापमान रहा।
मुंबई और तटीय क्षेत्रों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन उमस अधिक महसूस की गई। कोलाबा में 35.1 डिग्री, अलीबाग में 35 डिग्री, रत्नागिरी में 34.5 डिग्री तथा हरनाई में 34.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं नवी मुंबई में आर्द्रता 67 प्रतिशत तक पहुंच गई।
महाबलेश्वर में अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि मौसम धुंधयुक्त रहा। सांगली में 40.9 डिग्री तापमान के साथ हल्के बादल छाए रहे और 0.9 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में गर्म और शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। दोपहर के समय तेज धूप और लू जैसी स्थिति से बचने के लिए नागरिकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
महाराष्ट्र में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी, जलगांव सबसे गर्म; पुणे 40 डिग्री पार


