विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण विषयक लघु फिल्मों का प्रदर्शन
पुणे, 5 जून: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एमआईटी आर्ट, डिज़ाइन एंड टेक्नोलॉजी (एडीटी) विश्वविद्यालय में केंद्र सरकार के राष्ट्रीय अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ के अंतर्गत 300 से अधिक वृक्ष लगाए गए। विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण विभाग तथा महाराष्ट्र अकादमी ऑफ नेवल एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (MANET) के संयुक्त तत्वावधान में यह अभियान आयोजित किया गया।
विश्वविद्यालय के प्रो-वाइस चांसलर एवं कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. डॉ. मंगेश कराड तथा कार्यकारी निदेशक प्रो. डॉ. सुनीता कराड की प्रेरणा एवं कुलपति प्रो. डॉ. राजेश एस. के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में MANET के 300 कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विश्वविद्यालय परिसर में कांचन, बहावा, गुलमोहर और पाम (ताड़) सहित विभिन्न प्रजातियों के वृक्ष लगाए गए।
इस अवसर पर प्रो-वाइस चांसलर प्रो. डॉ. नचिकेत ठाकूर, छात्र कल्याण निदेशक प्रो. डॉ. सूरज भोयर, MANET के प्राचार्य कैप्टन प्रेरित मिश्रा, परीक्षा नियंत्रक डॉ. ज्ञानदेव नीलवर्ण, एमआईटी स्कूल ऑफ ड्रामा के प्राचार्य डॉ. अमोल देशमुख, सुरक्षा एवं सतर्कता निदेशक कर्नल प्रशांत वाघमारे, उप-कुलसचिव डॉ. हनुमंत पवार, सहायक निदेशक डॉ. प्रतिभा जगताप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता के दशकपूर्ति वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में वृक्षारोपण के साथ-साथ पर्यावरण जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा निर्मित तीन पर्यावरण विषयक लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। इनमें ‘पृथ्वी हमारी, जिम्मेदारी भी हमारी!’, ‘बिन इट राइट!’ और ‘गिरिमित्र’ शामिल थीं। इन फिल्मों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, कचरा प्रबंधन और सतत जीवनशैली का प्रभावी संदेश दिया गया।
प्रो. डॉ. नचिकेत ठाकूर ने कहा कि, “पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना आवश्यक है। हरित परिसर के निर्माण और भावी पीढ़ियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।” उन्होंने बताया कि भविष्य में भी विश्वविद्यालय द्वारा पर्यावरण-अनुकूल गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाएंगी।


