योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं: उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार
मुंबई, महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा अजित पवार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अल्पसंख्यक विभाग में रिक्त पदों को निर्धारित समयसीमा में जल्द भरा जाए तथा विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
सह्याद्री अतिथिगृह में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार सृजन और सामाजिक सशक्तिकरण के माध्यम से अल्पसंख्यक समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन को अधिक सक्रियता से कार्य करना होगा।
उन्होंने विशेष रूप से अल्पसंख्यक विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं के लिए उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में MARTI संस्था के कार्यों की समीक्षा करते हुए प्रशिक्षण और शैक्षणिक कार्यक्रमों को और मजबूत बनाने पर भी चर्चा हुई।
उपमुख्यमंत्री ने अल्पसंख्यक युवाओं को आधुनिक शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण से जोड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही हज समिति से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए केंद्र सरकार से आवश्यक पत्राचार करने और प्रकरणों का शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।


