रोहन सुरवसे पाटील ने की पुनः पुणे में स्थापित करने की मांग
पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता रोहन सुरवसे पाटील ने जलसंपदा विभाग के पुणे स्थित दो प्रमुख मुख्य अभियंता कार्यालयों को कोल्हापुर और सोलापुर स्थानांतरित करने के निर्णय का विरोध करते हुए इन्हें पुनः पुणे में ही स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजित पवार तथा राज्यसभा सांसद पार्थ पवार को ज्ञापन सौंपा है।
हाल ही में जारी आदेश के अनुसार मुख्य अभियंता (जसं) कार्यालय को कोल्हापुर तथा मुख्य अभियंता (विप्न) कार्यालय को सोलापुर स्थानांतरित किया गया है। सुरवसे पाटील ने कहा कि पुणे राज्य का महत्वपूर्ण प्रशासनिक, शैक्षणिक और विकास केंद्र है। ऐसे में इन महत्वपूर्ण कार्यालयों को शहर से बाहर ले जाना पुणे के प्रशासनिक महत्व को कम करने जैसा है।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से स्थानीय समन्वय, प्रशासनिक कार्यक्षमता और नागरिकों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए दोनों कार्यालयों को पुनः पुणे में ही बनाए रखने का निर्णय लिया जाना चाहिए।
सुरवसे पाटील के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार और सांसद पार्थ पवार ने इस विषय पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा कर कार्यालयों को वापस पुणे लाने के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया है।


