17 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या का खुलासा, हनीट्रैप में फंसाकर चार घंटे तक दी गई दर्दनाक मौत

Spread the love

पुणे । पुणे के विश्रांतवाड़ी क्षेत्र से लापता हुए 17 वर्षीय अमनसिंह गच्छड़ की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस जघन्य हत्याकांड की क्रूरता देखकर जांच एजेंसियां भी स्तब्ध रह गई हैं। महज पुराने झगड़े का बदला लेने के लिए एक गिरोह ने नाबालिग किशोर को प्रेमजाल में फंसाया और खेड शिवापुर के सुनसान पहाड़ी इलाके में ले जाकर उसकी बेहद नृशंस तरीके से हत्या कर दी।
इंस्टाग्राम बना हत्या का जरिया
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी प्रथमेश आढल और मृतक अमनसिंह के बीच सितंबर 2025 में तीखा विवाद हुआ था, जिसमें प्रथमेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसी रंजिश का बदला लेने के लिए उसने अपने साथियों के साथ साजिश रची। अमनसिंह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सक्रिय था, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने एक युवती की मदद से उसे प्रेमजाल में फंसाया। 29 दिसंबर को युवती ने उसे मिलने बुलाया और अमनसिंह अनजाने में मौत के जाल में फंस गया।
हत्या से पहले ‘आखिरी इच्छा’ का नाटक
खेड शिवापुर स्थित वर्तुमुख मंदिर के पहाड़ी और निर्जन क्षेत्र में आरोपियों ने अमनसिंह को अपने कब्जे में लिया। हत्या से पहले का घटनाक्रम रोंगटे खड़े कर देने वाला है। आरोपियों ने अमनसिंह से उसकी आखिरी इच्छा पूछी और उसके कहने पर उसे बीयर और सिगरेट दी गई। इसके बाद अमानवीयता की सारी हदें पार करते हुए उससे खुद की कब्र खुदवाने की कोशिश की गई। उसे जिंदा न रहने देने की आशंका में पहले सर्जिकल ब्लेड से वार किया गया, फिर धारदार हथियार से गला रेत दिया गया और अंत में भारी पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी गई। यह खौफनाक सिलसिला करीब चार घंटे तक चलता रहा।
सड़ी-गली हालत में मिला शव
जब अमनसिंह घर नहीं लौटा तो उसकी मां ने विश्रांतवाड़ी पुलिस थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। अपराध शाखा ने तकनीकी जांच के आधार पर बेलगांव से मुख्य आरोपी प्रथमेश आढल और नागेश धबाले सहित एक नाबालिग सहयोगी को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर 7 जनवरी को पुलिस ने दुर्गम इलाके से अमनसिंह का सड़ी-गली अवस्था में शव बरामद किया।
इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि कुल 11 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत ने 9 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे की जांच जारी है और हनीट्रैप में शामिल युवती की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *