पुणे–दिल्ली प्रीमियम रेल सेवा शुरू करने की सांसद प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी राज्यसभा में मांग

Spread the love

पुणे : देश के प्रमुख शैक्षणिक, औद्योगिक और आईटी केंद्र के रूप में विकसित पुणे शहर को अब तक देश की राजधानी नई दिल्ली से जोड़ने वाली कोई सीधी, तेज और प्रीमियम श्रेणी की रेल सेवा उपलब्ध नहीं है। पुणे–दिल्ली के बीच राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत स्लीपर या तेजस एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम रेल सेवा शुरू की जानी चाहिए, ऐसी मांग राज्यसभा सांसद प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी ने की है। उन्होंने यह मुद्दा राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान उठाया।

प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि पुणे केवल महाराष्ट्र ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख शिक्षा, अनुसंधान, आईटी, स्टार्ट-अप और औद्योगिक केंद्रों में से एक है। देशभर से हजारों छात्र, आईटी प्रोफेशनल्स, उद्यमी, रक्षा और ऑटोमोबाइल उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ, साथ ही सरकारी अधिकारी और जनप्रतिनिधि नियमित रूप से पुणे–दिल्ली के बीच यात्रा करते हैं। इसके बावजूद वर्तमान में इस मार्ग पर रेल यात्रा में 20 से 30 घंटे तक का समय लगता है। कई ट्रेनों में समय की अनिश्चितता, अत्यधिक भीड़ और सीमित सुविधाओं के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि देश के अन्य प्रमुख शहरों को राजधानी, वंदे भारत और तेजस जैसी आधुनिक और तेज रेल सेवाओं से जोड़ा जा चुका है। राजधानी एक्सप्रेस ने राजधानी को बड़े शहरों से तेज, सुरक्षित और समयबद्ध रूप से जोड़ा है। वंदे भारत ट्रेन ने रेल यात्रा की परिभाषा ही बदल दी है और अब लंबी दूरी के लिए वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों पर भी काम किया जा रहा है। ऐसे में पुणे जैसे महत्वपूर्ण शहर को इन प्रीमियम सेवाओं से वंचित रखना उचित नहीं है, ऐसा उन्होंने सदन में स्पष्ट किया।

पुणे–दिल्ली मार्ग केवल एक यात्री मार्ग नहीं, बल्कि शिक्षा, तकनीक, प्रशासन, उद्योग, निवेश और नीति-निर्माण को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कॉरिडोर है। पुणे के आईटी और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोग नियमित रूप से दिल्ली स्थित मंत्रालयों, नीति-निर्माताओं और राष्ट्रीय संस्थानों के संपर्क में रहते हैं। इसके अलावा सरकारी कामकाज, चिकित्सा उपचार, प्रतियोगी परीक्षाओं और संसदीय कार्यों के लिए भी बड़ी संख्या में लोग दिल्ली की यात्रा करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि हवाई यात्रा हर नागरिक के लिए हमेशा किफायती नहीं होती, जबकि इतनी लंबी दूरी के लिए सड़क यात्रा भी व्यावहारिक नहीं है। ऐसे में रेल यात्रा ही सबसे सुलभ, सुरक्षित और भरोसेमंद माध्यम है। लेकिन तेज और आरामदायक प्रीमियम रेल सेवा के अभाव में यात्रियों का समय, ऊर्जा और उत्पादकता बड़ी मात्रा में नष्ट हो रही है।

इसी पृष्ठभूमि में प्रो. डॉ. मेधा कुलकर्णी ने मांग की कि पुणे–दिल्ली के बीच राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत स्लीपर या तेजस एक्सप्रेस में से किसी एक प्रीमियम रेल सेवा को जल्द शुरू किया जाए। इससे यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और व्यापार, निवेश, शिक्षा व प्रशासनिक समन्वय को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ‘विकसित भारत’ की संकल्पना को मजबूती मिलेगी, ऐसा उन्होंने कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *