बारिश से पहले नदी किनारे सफाई करने की मांग

Spread the love

बाबा भिडे पुल के काम में देरी पर ‘क्रिएटिव फाउंडेशन’ ने उठाये सवाल

पुणे | प्रतिनिधि : पुणे शहर के मध्य से बहने वाली मुठा नदी में जमा कचरे को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ती ही जा रही है, इस लिए बारिश से पहले सामाजिक संस्था ‘क्रिएटिव फाउंडेशन’ ने नदीपात्र की तत्काल सफाई कराने की मांग की है। इसके साथ ही क्रिएटिव फाउंडेशन’ ने सवाल किये है कि बाबा भिडे पुल के काम में देरी हो रही है, इस पर जल्द निणर्याकपूर्ण लिया जाना चाहिए। इस संबंध में संस्था के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने पुणे महानगरपालिका के आयुक्त नवल किशोर राम को ज्ञापन सौंपा है।

पत्र में बताया गया है कि डेंगळे पुल से म्हात्रे पुल के बीच नदीपात्र में भारी मात्रा में कचरा जमा है, जिससे यह क्षेत्र अत्यंत अस्वच्छ हो गया है। यदि समय रहते इस कचरे को नहीं हटाया गया, तो बारिश के दौरान यह बहकर अन्य स्थानों पर जाकर अटक सकता है और स्थिति और गंभीर हो सकती है। इसका उदाहरण कवडीपाट क्षेत्र में देखने को मिला है, जहां कचरे के जमाव के कारण वहां आने वाले विदेशी प्रवासी पक्षियों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। इससे पर्यावरणीय संतुलन पर भी असर पड़ रहा है। संस्था ने यह भी बताया कि नदीपात्र में मेट्रो परियोजना से संबंधित सामग्री भी पड़ी हुई है, जिसे बारिश से पहले हटाना अत्यंत आवश्यक है, अन्यथा यह दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है।

इसी के साथ बाबा भिडे पुल के लंबे समय से अधूरे काम को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। कई बार यातायात बंद करने के बावजूद पुल का काम पूरा नहीं हो पाया है, जिससे नागरिकों में नाराजगी है। संस्था ने मेट्रो प्रशासन से समन्वय कर पुल के काम की समयसीमा सार्वजनिक करने और वहां लगाए गए बैरिकेड्स हटाने की मांग की है।

क्रिएटिव फाउंडेशन ने प्रशासन से इस पूरे मामले में त्वरित कार्रवाई करने की अपेक्षा जताई है, ताकि आगामी बारिश के मौसम में नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *