पु. ल. देशपांडे उद्यान के बाहर ट्रैफिक जाम से लोगों को मिली राहत

Spread the love

मनपा अतिक्रमण विभाग की त्वरित कार्रवाई, क्षेत्रवासियों ने जताया संतोष

पुणे : शहर के प्रसिद्ध पु. ल. देशपांडे उद्यान के बाहर बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही भीषण ट्रैफिक समस्या से आखिरकार नागरिकों को राहत मिल गई है। इस मुद्दे को लेकर क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने हाल ही में पुणे मनपा आयुक्त नवलकिशोर राम को पत्र लिखकर तत्काल और स्थायी समाधान की मांग की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मनपा प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की।

पर्वती क्षेत्र की विधायक एवं मंत्री माधुरीताई मिसाळ को जैसे ही उद्यान प्रवेशद्वार पर बढ़ते अतिक्रमण और लगातार लग रहे ट्रैफिक जाम की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत अपने ओएसडी मंदार रांजेकर को निर्देश दिए। इसके बाद अतिक्रमण विभाग प्रमुख सोमनाथ बनकर को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

निर्देश मिलते ही मनपा अतिक्रमण विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विशेष अभियान चलाकर उद्यान परिसर के बाहर हुए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू हो गई, जिससे वाहन चालकों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों ने राहत की सांस ली।

क्रिएटिव फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने कहा कि उन्होंने सामान्य पुणेकरों की भावना प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया था और प्रशासन ने भी संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की। उन्होंने विधायक माधुरीताई मिसाळ तथा अतिक्रमण विभाग प्रमुख सोमनाथ बनकर का आभार व्यक्त किया।

अतिक्रमण विभाग प्रमुख सोमनाथ बनकर ने बताया कि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए संबंधित स्थान पर विभाग का “फिक्स पॉइंट” बनाया गया है। साथ ही नियमित निगरानी भी रखी जाएगी।

वहीं, ओएसडी मंदार रांजेकर ने स्पष्ट किया कि विधायक माधुरीताई मिसाळ के पुणे लौटने के बाद अधिकृत विक्रेताओं के पुनर्वसन को लेकर सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा, ताकि नागरिकों और विक्रेताओं दोनों के हितों का संतुलन बनाए रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *