श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया विषय पर राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन का शुभारंभ

Spread the love

माउंट आबू/आबू रोड, 9 सितम्बर 2026: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के मीडिया एवं पीआर विंग द्वारा 9 से 13 सितम्बर 2026 तक मानसरोवर परिसर, आबू रोड (राजस्थान) में “राष्ट्रीय मीडिया महासम्मेलन – 2026” का आयोजन किया जा रहा है। “श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया” तथा “सूचना से आत्मिक परिवर्तन की ओर” विषय पर आधारित इस पांच दिवसीय सम्मेलन में देशभर के पत्रकार, संपादक, मीडिया विशेषज्ञ, जनसंपर्क अधिकारी और संचार क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन का आयोजन ब्रह्माकुमारीज़ के नव-निर्मित, पर्यावरण-अनुकूल एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से युक्त सभागार में किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान मीडिया की सकारात्मक भूमिका, मूल्य आधारित पत्रकारिता, आध्यात्मिक सशक्तिकरण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सोशल मीडिया की जिम्मेदारियों जैसे समसामयिक विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी।
सम्मेलन में ब्रह्माकुमारीज़ की मुख्य प्रशासिका बहन मोहिनी, अतिरिक्त मुख्य प्रशासिका बहन जयन्ती एवं बहन लक्ष्मी, मीडिया विंग के अध्यक्ष बीके करुणा सहित अनेक वरिष्ठ वक्ता मार्गदर्शन देंगे।
10 सितम्बर को आयोजित उद्घाटन सत्र का विषय “श्रेष्ठ विश्व के निर्माण हेतु सशक्त मीडिया” रहेगा। वहीं पूर्ण सत्रों में “सत्य, विश्वास एवं पारदर्शिता : मीडिया उत्तरदायित्व की पुनर्परिभाषा” तथा “आध्यात्मिक सशक्तिकरण द्वारा मीडिया मानकों का उन्नयन” जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
11 सितम्बर को मीडिया में एआई की भूमिका, मानवता की आकांक्षाओं की पूर्ति में मीडिया के प्रयास तथा उत्तरदायी सोशल मीडिया की आवश्यकता पर विशेष “वन-टू-वन वार्ता” सत्र आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन के दौरान प्रतिदिन राजयोग ध्यान सत्र भी आयोजित होंगे, जिनमें ध्यान, आत्मस्वरूप की खोज, परमात्मा की अनुभूति तथा आंतरिक शक्तियों के जागरण जैसे विषयों पर अभ्यास कराया जाएगा।
12 सितम्बर को प्रतिभागियों के लिए माउंट आबू भ्रमण तथा अनुभव विमर्श सत्र का आयोजन किया जाएगा। 13 सितम्बर को “सफल जीवन हेतु कर्म दर्शन” विषय पर अंतिम राजयोग सत्र के पश्चात प्रतिभागी नवीन संकल्पों के साथ अपने-अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगे।
आयोजकों के अनुसार यह महासम्मेलन मीडिया जगत को सकारात्मकता, शांति, सद्भाव और मानवीय मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो समाज में रचनात्मक परिवर्तन और विश्व शांति के संदेश को सशक्त बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *