राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पृष्ठभूमि में भारतीय डाक विभाग की पहल
पुणे : भारतीय डाक विभाग, संचार मंत्रालय की ओर से राष्ट्रमंडल खेल 2026 के मद्देनजर राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर विशेष आवरण का प्रकाशन किया गया। पुणे के डेक्कन जिमखाना क्लब स्थित तुळपुळे हॉल में आयोजित कार्यक्रम में भारत के नागर विमानन एवं सहकारिता मंत्री तथा महाराष्ट्र ओलंपिक संघ के अध्यक्ष मुरलीधर मोहोळ की प्रमुख उपस्थिति में इस विशेष आवरण का विमोचन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल रामचंद्र जायभाये ने की। इस अवसर पर पुणे विभाग की पोस्टमास्टर जनरल प्रीति अग्रवाल तथा पुणे विभाग के निदेशक पोस्टल सर्विसेज अभिजीत बानसोडे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान भारतीय डाक विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों का विशेष सम्मान भी किया गया।राष्ट्रीय खेल दिवस हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को मनाया जाता है। इस दिवस का उद्देश्य खेल, स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही युवाओं की खेलों में भागीदारी को प्रोत्साहित करना है।

खेल क्षेत्र में योगदान, खेल भावना और राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग ने यह विशेष आवरण जारी किया है। राष्ट्रमंडल खेल 2026 की पृष्ठभूमि में यह पहल देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।भारतीय डाक विभाग के अनुसार, विशेष आवरण महत्वपूर्ण घटनाओं, व्यक्तित्वों, खेल एवं सांस्कृतिक विषयों की स्मृतियों को संरक्षित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इसी कारण यह विशेष आवरण खेल प्रेमियों, डाक टिकट संग्राहकों और आम नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना है।कार्यक्रम में डाक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, खेल क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्ति, डाक टिकट संग्राहक तथा बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पुणे शहर पश्चिम विभाग के प्रवर अधीक्षक नितीन येवला ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन इंस्पेक्टर ऑफ पोस्ट सिद्धार्थ हराळे ने किया।


