पुणे: विश्व महिला दिवस के अवसर पर सूर्यदत्त ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स के सूर्यदत्त इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ साइंस की ओर से शनिवार 7 मार्च को युवाओं, पुरुषों और महिलाओं के लिए नि:शुल्क कैंसर जांच तथा जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। बदलती जीवनशैली के कारण बढ़ रही मानसिक और शारीरिक बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से 18 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों के लिए यह विशेष पहल की गई है। यह शिविर यह शिविर एज्यु-सोशियो हेल्थ इनिशिएटिव के अंतर्गत कैंसर एवं फिजियोथेरपी जांच शिविर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक सूर्यदत्त के बावधन परिसर में आयोजित किया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों से इसका लाभ लेने की अपील प्राचार्या डॉ. सिमी रेठरेकर ने की है।
संस्था की उपाध्यक्ष सुषमा संजय चोरडिया ने कहा कि एज्यु-सोशियो हेल्थ इनिशिएटिव शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस शिविर के माध्यम से समाज को जागरूक करते हुए संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर समुदाय के समग्र और टिकाऊ स्वास्थ्य विकास को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है।
यह शिविर साईधाम कैंसर चैरिटेबल हॉस्पिटल और डॉ. माने मेडिकल फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। साईधाम कैंसर चैरिटेबल हॉस्पिटल के संचालक तथा “साईधाम मॉडल ऑफ कैंसर केयर” के प्रवर्तक डॉ. स्वप्नील माने के मार्गदर्शन में “साई संजीवनी क्लिनिक ऑन व्हील्स” के माध्यम से कैंसर जांच की जाएगी। सामाजिक क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें महाराष्ट्र के राज्यपाल के हाथों दो बार उत्कृष्ट सामाजिक कार्य पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। अब तक साईधाम हॉस्पिटल की ओर से 1400 से अधिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे लाखों मरीजों को जांच और मार्गदर्शन मिला है, ऐसी जानकारी सूर्यदत्त एज्युकेशन फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. डॉ. संजय बी. चोरडिया ने दी।


