महाराष्ट्र बोर्ड 10वीं परीक्षा का रिजल्ट कल होगा जारी

Spread the love

पुणे : महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) द्वारा आयोजित माध्यमिक शालांत प्रमाणपत्र (SSC) यानी 10वीं बोर्ड परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 का परिणाम कल ,शुक्रवार 8 मई को दोपहर 1 बजे ऑनलाइन घोषित किया जाएगा। राज्य के पुणे, मुंबई, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, कोल्हापुर, अमरावती, नाशिक, लातूर और कोंकण मंडलों के लाखों विद्यार्थियों को लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार था। बोर्ड द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, विद्यार्थी निर्धारित समय के बाद विभिन्न अधिकृत वेबसाइट्स पर जाकर अपना परिणाम देख सकेंगे।

विद्यार्थियों को रिजल्ट देखने के लिए अपना सीट नंबर तथा माता का नाम दर्ज करना होगा। ऑनलाइन मार्कशीट अस्थायी रूप से उपलब्ध होगी, जबकि मूल अंकपत्र संबंधित विद्यालयों के माध्यम से बाद में वितरित किए जाएंगे।

बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत वेबसाइट्स पर ही परिणाम देखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

इन वेबसाइट्स पर देखें रिजल्ट :
• results.digilocker.gov.in
• mahahsscboard.in
• sscresult.mkcl.org
• results.targetpublications.org
• results.navneet.com

 

अंकों की जांच और पुनर्मूल्यांकन के लिए ऐसे करें आवेदन

महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल (MSBSHSE) ने 10वीं (SSC) परीक्षा फरवरी-मार्च 2026 के परिणाम के बाद विद्यार्थियों को अंकों की जांच (Verification of Marks) और पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) की सुविधा उपलब्ध कराई है।

बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जिन विद्यार्थियों को अपने अंकों पर संदेह है, वे ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को सबसे पहले उत्तरपुस्तिका की फोटोकॉपी प्राप्त करना अनिवार्य होगा। फोटोकॉपी मिलने के बाद ही पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया जा सकेगा।

विद्यार्थी महाराष्ट्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट mahahsscboard.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी तथा शुल्क का भुगतान Debit Card, Credit Card, UPI और Net Banking के माध्यम से किया जा सकेगा।बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इसलिए विद्यार्थियों को समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *