संशोधित कार्यक्रम जल्द किया जाएगा घोषित
पुणे, जिले में राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा विधान परिषद (स्थानीय स्वराज्य संस्था) चुनाव की आदर्श आचार संहिता लागू होने के कारण महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) अंतर्गत 28 मई को दोपहर 2.30 बजे आयोजित सदनिकाओं के वितरण की प्रक्रिया अस्थायी रूप से स्थगित कर दी गई है।
इससे पूर्व महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण अंतर्गत कार्यरत पुणे गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास मंडल की ओर से पुणे, पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका तथा पीएमआरडीए क्षेत्र में 20 प्रतिशत सर्वसमावेशक एवं 15 प्रतिशत सामाजिक गृहनिर्माण योजना के तहत बिक्री के अभाव में रिक्त पड़ी सदनिकाओं के वितरण की प्रक्रिया आयोजित की गई थी।
‘पहले आओ, पहले पाओ’ सिद्धांत के आधार पर होने वाली इस प्रक्रिया का संशोधित कार्यक्रम जल्द घोषित किया जाएगा, ऐसी जानकारी महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण के पुणे मंडल की ओर से दी गई है।


