पुणे, 30 मई। पुणे शहर में जहरीली शराब के सेवन से निर्दोष नागरिकों की मौत की घटना के विरोध में शनिवार को पर्वती पायथा क्षेत्र में बिटिया फाउंडेशन और गुलाबो गैंग की ओर से जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता श्रीमती संगीता तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन के माध्यम से प्रशासन का ध्यान शहर में चल रहे अवैध शराब कारोबार की ओर आकर्षित किया गया।
आंदोलनकारियों ने एक कथित अवैध शराब अड्डे के बाहर प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान “शराब माफियाओं पर तत्काल कार्रवाई करो”, “निर्दोष नागरिकों की मौत का जिम्मेदार कौन?” जैसे नारों से परिसर गूंज उठा।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जहरीली शराब बेचने वाले ठेकेदारों और संबंधित आरोपियों पर गैर इरादतन नहीं बल्कि हत्या अथवा सदोष मानव वध का मामला दर्ज किया जाए। साथ ही जहरीली शराब पीकर जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को राज्य सरकार द्वारा आर्थिक सहायता प्रदान की जाए।
बिटिया फाउंडेशन और गुलाबो गैंग की ओर से यह भी मांग की गई कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुणे पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब कारोबार पर कठोर कार्रवाई करे।
इस आंदोलन में शोभा पणिकर, सोनिया ओव्हाळ, भारती लोंढे, निकिता भालेराव, माया वाघमारे, सिंधू धोत्रे, सुनीता भालेराव, स्वाती शिंदे, अंजना नागटिळक तथा सखुबाई कांबळे सहित अनेक महिलाओं ने भाग लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। आंदोलन के माध्यम से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
पुणे में जहरीली शराब कांड के विरोध में बिटिया फाउंडेशन और गुलाबो गैंग का हल्लाबोल आंदोलन


