पुणे। पुणे में मेट्रो नेटवर्क का विस्तार करते हुए यात्रियों को बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया गया है। अब कल्याणीनगर मेट्रो स्टेशन से लोहेगांव एयरपोर्ट तक नई मेट्रो लाइन बनाई जाएगी। इस प्रस्ताव को केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री एवं पुणे के सांसद मुरलीधर मोहोळ की अध्यक्षता में हुई बैठक में मंजूरी दी गई।
नई मेट्रो लाइन बनने से पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ के यात्रियों को पहली बार एयरपोर्ट तक सीधी मेट्रो कनेक्टिविटी मिलेगी। अभी यात्रियों को येरवडा या अन्य मेट्रो स्टेशन से उतरकर टैक्सी या अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ता है, जिससे समय और खर्च दोनों बढ़ते हैं। यह नया मार्ग मौजूदा लाइन-1 (पीसीएमसी-स्वारगेट), लाइन-2 (वनाज-रामवाड़ी) तथा प्रस्तावित लाइन-3 (हिंजवड़ी-शिवाजीनगर) और लाइन-4 (खडकवासला-खराड़ी) से भी जुड़ जाएगा। इससे शहर के अधिकांश हिस्सों से मेट्रो के जरिए सीधे एयरपोर्ट तक पहुंचना संभव होगा।
बैठक में पौड फाटा से वनदेवी मंदिर तथा कचरा डेपो से चांदनी चौक तक डबल डेकर फ्लाईओवर बनाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा शेवालेवाड़ी-हडपसर-कात्रज मेट्रो मार्ग को चांदनी चौक-वाकड तक बढ़ाने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश भी जारी किए गए। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पुणे की यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।
पुणेकरों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब मेट्रो से सीधे लोहगांव एयरपोर्ट तक पहुंचना होगा आसान


