अधिकारियों व नागरिकों के साथ निरीक्षण में पाई गई कई कमियां : नगरसेविका मंजुश्री खर्डेकर
पुणे : राजाराम पुल से म्हात्रे पुल तक के महत्वपूर्ण डीपी रोड पर लगातार लगने वाले ट्रैफिक जाम और अन्य नागरिक समस्याओं के समाधान के लिए मैं स्वयं व्यक्तिगत रूप से ध्यान दूंगा। अगले सप्ताह पुणे महानगरपालिका, यातायात पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तथा स्थानीय नागरिकों की संयुक्त बैठक आयोजित कर प्रभावी समाधान निकाला जाएगा, जिससे लंबे समय से परेशान नागरिकों को राहत मिल सकेगी, यह बात महाराष्ट्र सरकार के मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल ने कही , यह जानकारी अध्यक्ष एवं पार्षद मंजुश्री खर्डेकर ने दी.
वारजे-कर्वेनगर क्षेत्रीय कार्यालय की अध्यक्ष एवं पार्षद मंजुश्री खर्डेकर ने नागरिकों, भाजपा पदाधिकारियों और पुणे महानगरपालिका के अधिकारियों के साथ इस मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल को भेजी । इस दौरान मंत्री पाटिल ने फ़ोन के माध्यम से उपस्थित नागरिकों और अधिकारियों से संवाद करते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
इस निरीक्षण के दौरान अधीक्षक अभियंता अभिजीत आंबेकर, कार्यकारी अभियंता पुरुषोत्तम भूतडा, भाजपा प्रवक्ता संदीप खर्डेकर, प्रभाग अध्यक्ष एडवोकेट प्राची बगाटे, सरचिटणीस बाळासाहेब धनवे, सुयश गोडबोले, मंडल उपाध्यक्ष अनघा जगताप, वरिष्ठ नेता राजेंद्र येडे, सामाजिक कार्यकर्ता रुपाली मगर सहित मनपा के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।
पार्षद मंजुश्री खर्डेकर ने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री चंद्रकांतदादा पाटिल द्वारा इस मामले में व्यक्तिगत रूप से ध्यान दिए जाने से राजाराम पुल से म्हात्रे पुल तक की लंबे समय से चली आ रही यातायात और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा और क्षेत्र के नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
निरीक्षण में राजाराम पुल पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति सामने आई। यातायात पुलिस की मौजूदगी के बावजूद जाम सिंहगढ़ रोड तक कई घंटों तक लगा रहा। अधिकारियों ने बताया कि सन सिटी से नए पुल के शुरू होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव और बढ़ सकता है, इसलिए समय रहते आवश्यक उपाय किए जाने की जरूरत है। निरीक्षण के दौरान सड़क के डिवाइडर में कई स्थानों पर अनियोजित कट पाए गए, जिससे पैदल यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। इस पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग (पैदल पार पथ) बनाने का सुझाव दिया गया। इसके अलावा कई स्थानों पर जलभराव, सड़क की कम चौड़ाई, अतिक्रमण, अधूरे डिवाइडर और यातायात प्रबंधन की कमियों की ओर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया।
बैठक में सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया पूरी करने, यातायात में बाधा बनने वाले अतिक्रमण हटाने, पूरे मार्ग पर सतत डिवाइडर बनाने, मातोश्री वृद्धाश्रम चौक पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने तथा पंडित फार्म के सामने डिवाइडर निर्माण जैसे कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।


