गैस संकट के बीच अत्यावश्यक संस्थानों को पाइपलाइन उपलब्ध करने की मांग

Spread the love

महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड से आवेदन

पुणे : पुणे में जारी गैस संकट के कारण घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी भारी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। इसी बीच क्रिएटिव्ह फाउंडेशन के अध्यक्ष संदीप खर्डेकर ने महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड के कमर्शियल विभाग के व्यवस्थापक प्रतीक जैन को निवेदन देकर अत्यावश्यक स्थानों पर तत्काल पाइपलाइन के माध्यम से गैस आपूर्ति उपलब्ध कराने की मांग की है।

संदीप खर्डेकर ने अपने आवेदन में कहा कि व्यवसायिक गैस आपूर्ति पर लगी सीमाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में गैस आपूर्ति को सुचारू रखने के लिए एमएनजीएल द्वारा की गई घोषणा सराहनीय है, लेकिन इसके साथ-साथ कुछ अत्यावश्यक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर गैस पाइपलाइन से आपूर्ति उपलब्ध कराई जानी चाहिए।

उन्होंने सुझाव दिया कि अस्पताल, मानसिक चिकित्सालय, स्कूली विद्यार्थियों को मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने वाले बचत गट केंद्र, वृद्धाश्रम, अनाथालय और दिव्यांग केंद्र जैसे संस्थानों को विशेष श्रेणी में रखते हुए उन्हें तुरंत पाइपलाइन के माध्यम से गैस कनेक्शन दिया जाए। इसके लिए पुणे महानगरपालिका के पथ विभाग तथा वाहतूक पुलिस विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक खोदाई की अनुमति भी शीघ्र दिलाई जा सकती है।

निवेदन में यह भी कहा गया है कि जिन क्षेत्रों में पहले से गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, वहां नियमों का पालन करने वाले और व्यावसायिक दर पर गैस लेने को तैयार प्रतिष्ठानों को युद्धस्तर पर कनेक्शन दिए जाएं। उदाहरण के तौर पर म्हात्रे पुल से राजाराम पुल तक हार्वेस्ट क्लब क्षेत्र तक पाइपलाइन मौजूद है। इस क्षेत्र में आगे स्थित मंगल कार्यालयों तथा अन्य संस्थानों को यदि वे सभी नियमों और लाइसेंस की शर्तें पूरी करते हैं, तो तत्काल कनेक्शन दिया जा सकता है।

खर्डेकर ने यह भी सुझाव दिया कि एमएनजीएल यदि उन क्षेत्रों की सूची जारी करे जहां तुरंत गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए जा सकते हैं, तो संबंधित क्षेत्रों के नागरिक और प्रतिष्ठान कंपनी से संपर्क कर कनेक्शन ले सकते हैं। इससे मौजूदा गैस संकट के समय बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *